मेले के सफल आयोजन को लेकर विधायक की अध्यक्षता में हुई बैठक
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले के आयोजन को लेकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने की। विधायक ने बताया कि इस बार राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का आयोजन 19 से 23 अप्रैल तक किया जा रहा है। मेले की अवधि बढ़ाकर पांच दिन कर दी गई है। पहले केवल तीन दिन ही मेला चलता था। बैठक में निर्णय लिया कि मेले के दौरान प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का नशा टेस्ट किया जाएगा। कलाकारों का प्रदर्शन से पूर्व एल्को सेंसर से परीक्षण किया जाएगा, जबकि खिलाड़ियों का डोप टेस्ट किया जाएगा ताकि कोई भी प्रतिभागी नशे की अवस्था में प्रदर्शन न करे। बैठक में तय किया कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रामलीला मैदान में आयोजित किए जाएंगे, जबकि विभिन्न विभागों और व्यापारियों के स्टॉल आउटडोर स्टेडियम समाला में लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आउटडोर स्टेडियम के अतिरिक्त शहर में कहीं भी स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी ताकि मेले के दौरान व्यवस्था बनी रहे। विधायक ने प्लॉट आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और सबलेटिंग पर रोक सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर प्रदान किए जाएंगे ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल सके। साथ ही बार-बार मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के स्थान पर नए कलाकारों को भी अवसर दिया जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत रोहड़ू के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से पहले रामलीला मैदान में मंच का निर्माण का कार्य समय पर पूर्ण किया जाए ताकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुचारु आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मंच के निर्माण का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। मेले के सुचारु संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कई उपसमितियों का गठन किया गया है। इनमें प्लॉट आवंटन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, राशि संग्रह, स्वागत, क्रय, पोस्टर बैनर, रंगमंच, आवास आवंटन, मैदान की सजावट, चिकित्सा, यातायात, वस्तु निरीक्षण, सफाई व्यवस्था, खाद्य व्यवस्था, धनराशि अदायगी और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित उप समितियां शामिल की गई हैं। मेले के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एसडीएम कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों का समन्वय और सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान पेयजल, विद्युत आपूर्ति, कानून व्यवस्था, सड़क और अन्य आवश्यक सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक का संचालन एसडीएम धर्मेश रामौत्रा ने किया। बैठक में मेला समिति के सदस्य, मंदिर समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रोहडू में गैस तेल उपलब्धता पर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते एसडीएम। संवाद