24 सितंबर को होगी जिला परिषद की पहली बैठक, विकास कार्यों पर होगी चर्चा
. कुमारसैन जिप सदस्य तारा देवी ने क्षेत्र के लोगों से विकास कार्य और समस्याओं के मांगे सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
जिला परिषद शिमला की पहली आधिकारिक बैठक 24 सितंबर को होने जा रही है। बैठक में जिला परिषद के विभिन्न वार्डों से जुड़े विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं और लोगों की प्राथमिक आवश्यकताओं पर चर्चा की जाएगी। कुमारसैन वार्ड से जिला परिषद सदस्य तारा देवी ने इस बैठक को लेकर क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों और जनसमस्याओं से संबंधित सुझाव आमंत्रित किए हैं। तारा देवी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनता की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों की ओर से सामने आने वाली समस्याओं और सुझावों को जिला परिषद की बैठक में प्राथमिकता के साथ रखा जाएगा ताकि संबंधित मुद्दों के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। बैठक में मुख्य रूप से सड़क निर्माण एवं मरम्मत, पेयजल एवं सिंचाई सुविधाएं, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था के अलावा स्थानीय जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है। तारा देवी ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना विकास की प्राथमिक आवश्यकता है। इन क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को जिला परिषद के माध्यम से संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। तारा देवी ने कहा कि जनता की भागीदारी से ही क्षेत्र की वास्तविक प्राथमिकताओं को सामने लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अपने संदेश में जनसेवा ही हमारा संकल्प, पारदर्शिता और विकासोन्मुखी कार्य का उल्लेख करते हुए लोगों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद से विकास कार्यों की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंच तक पहुंचाया जा सकेगा।