विजेता टीम को मिलेगी 41 हजार इनामी राशि और ट्रॉफी
प्रतियोगिता के आयोजन में जुटी आयोजक कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
युवक मंडल शोली की ओर से अश्विनी शर्मा मेमोरियल कप-2026 के तहत पंचायत स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 10 से 13 सितंबर तक शोली में प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में केवल लड़कों की टीमें भाग ले सकेंगी और अधिकतम 32 टीमें भाग ले सकेंगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर अध्यक्ष विजय शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई और रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 41 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 3,100 रुपये व ट्रॉफी, बेस्ट सेटर, बेस्ट अटैकर, बेस्ट लिब्रो और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 1500-1500 रुपये समेत ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान लोक नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर देवी सिंह, किशोर शर्मा और सूरत राम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। युवक मंडल शोली के अध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस मौके पर उप प्रधान सौरभ गुप्ता, सचिव भूषण, सहसचिव निखिल, कोषाध्यक्ष कुशव, प्रेस सचिव प्रियावृत शर्मा, खेल प्रभारी कर्ण कश्यप, कार्यक्रम प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी अश्विनी शर्मा सहित कई अन्य मौजूद रहे।