रामपुर के ब्रांदली में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ करते मुख्यातिथि। संवाद
ब्रांदली में लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच शुरू
विजेता टीम को मिलेगी 1.51 लाख रुपये की इनामी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के ब्रांदली में व्हाइट लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच शुरू हो गया है। चत्तरखंड युवक मंडल ब्रांदली की ओर से ग्रामीण स्तरीय प्रतियोगिता करवाई जा रही है। पहला मैच एसबीएनसी जगधार और जेडीबी कुई के बीच हुआ। जगधार की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 10 ओवर में 80 रन बनाए। जवाबी पारी खेलने उतरी कुई ने टीम ने 8 ओवर में लक्ष्य हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर नरैण पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान भूपेंद्र सिंह ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। एनएसयूआई रामपुर परिसर इकाई के अध्यक्ष कृष चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजक कमेटी और महिलाओं ने मुख्य अतिथि का फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया। उन्होंने आयोजक कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होने चाहिए। इससे जहां युवाओं को प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है, वहीं अनुशासन की सीख मिलती है और भाईचारे की भावना को बल मिलता है। उन्होंने युवाओं नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। आयोजक कमेटी के अध्यक्ष लायक राम पौंड ने कहा कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.51 लाख रुपये की नकद इनामी राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, उपविजेता टीम को 75 हजार और ट्रॉफी से सम्मानित करेंगे। प्रतियोगिता में 64 टीमें भाग लेंगी। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब हासिल करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार और ट्रॉफी, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज को 4-4 हजार एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। शानदार प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी आकर्षक इनामों से आयोजक कमेटी पुरस्कृत करेगी। इस मौके पर उपाध्यक्ष बोनी ठाकुर, सचिव लकी चौहान, सहसचिव सन्नी पालसरा, कोषाध्यक्ष अनिल बिष्ट, मुख्य सलाहकार जोगिंद्र पालसरा, मीडिया प्रभारी मनू बिष्ट और स्टेज सचिव पंकज पौंड सहित अन्य युवा मौजूद रहे।