सेरी मझाली में क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद
सेरी-मझाली में बादशाह कप क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच जारी
विजेता टीम को मिलेगी 1,11,111 नकद राशि और ट्रॉफी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सेरी-मझाली में बादशाह क्रिकेट कप प्रतियोगिता चल रही है। 64 टीमें भाग ले रही हैं। नवयुवक मंडल सेरी-मझाली की ओर से प्रतियोगिता करवाई जा रही है। रविवार को काफी रोमांचक मैच हुए। पहला मैच डायनामाइट दरकाली और वाईसीसी रडोली टीम के मध्य खेला गया। रडोली ने पहले खेलते हुए निर्धारित सात ओवर में 64 रन बनाए। जवाबी पारी खेलने उतरी दरकाली की टीम ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। दूसरा मैच करेरी और शाकला टीम के मध्य खेला गया। शाकला ने सात ओवर में 60 रन बनाए। करेरी की टीम के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी कर मैच अपने नाम किया। वहीं, दूसरे दौर का पहला मैच डायनामाइट दरकाली और एशियन डायनामाइट कंडी (काशापाट) के बीच खेला गया। कंडी ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश पाया। राज कड्डा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। क्लब के अध्यक्ष अनिल भंडारी और सचिव विनोद भंडारी ने कहा कि रविवार को रोमांचक मुकाबले हुए। बादशाह कप की विजेता टीम को 1,11,111 की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता टीम को 55,555 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार से पुरस्कृत करेंगे।