रिकांगपिओ (किन्नौर)। राज्य कर एवं आबकारी विभाग किन्नौर ने जिले में जीएसटी और कर चोरी करने वाले व्यापारियों पर शिकंजा कसा है। विभाग ने एक सप्ताह में सरकार के खजाने में कुल दो लाख रुपये का राजस्व एकत्रित किया है। विभाग ने टैक्स और जीएसटी अधिनियम की अवहेलना करने पर मौके पर व्यापारियों पर जुर्माना किया। व्यापारियों को चेताया गया है कि जीएसटी और कर चोरी के करने वाले व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य कर एवं आबकारी विभाग किन्नौर की टीम ने जिले के रिकांगपिओ, स्पीलो और पूह क्षेत्र के साथ ही जिला लाहौल-स्पीति के काजा, ताबो और लरी क्षेत्र में सोमवार से शुक्रवार के बीच मुहिम चलाई थी। इसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी और जीएसटी किन्नौर प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने की। गौर हो कि किन्नौर और स्पीति का जीएसटी प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर का कार्यालय अब ठियोग में स्थापित किया गया है। प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि विशेष पड़ताल के तहत बिना बिल ई-वे बिल जारी किए गए माल वाहनों का निरीक्षण किया गया और बिना बिल और ई-वे बिल वाले वाहनों पर जीएसटी के प्रावधानों के आधार पर जुर्माना लगाया गया है। इस प्रकार के तीन वाहनों पर 35,000 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूल किया गया। इसके अलावा स्पीति क्षेत्र के रंगरिक में एक होटल मालिक पर जीएसटी न भरने और टैक्स की चोरी के लिए 1,65,060 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 35 होटलों के मालिकों ने जीएसटी जमा कर दिया है। इस प्रकार एक सप्ताह के अभियान में कुल दो लाख रुपये का टैक्स और जुर्माना विभागीय टीम ने जीएसटी अधिनियम की अवहेलना करने पर वसूल किया। इस अभियान में सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग किन्नौर सुरेंद्र ठाकुर, आबकारी अधिकारी रवि कुमार, सहायक मोहन गोपाल सहित विभागीय टीम शामिल रही। सुरेंद्र ठाकुर ने बताया इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और टैक्स चोरी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया है कि वे बिल और ई-वे बिल पर ही सामान ले जाएं। साथ ही उन्होंने जनता से भी आग्रह किया कि वे जो भी सामान 200 रुपये से अधिक का लें, उसका बिल दुकानदार से अवश्य मांगे।