ग्रामीण क्षेत्रों में भेजी जा रही है खटारा बसें, खतरों के साये में हो रहा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। निरमंड में 4 किलोमीटर के दायरे में एचआरटीसी की दो बसें खराब होकर खड़ी हैं। पूरे प्रदेश से आए दिन बसों के बीच में खराब होने के मामले सामने आ रहे हैं। भाजपा युवा मोर्चा मंडल निरमंड के महामंत्री जीतू चौहान ने कहा कि नित्थर के लिए भी खटारा बसें भेजी जा रही हैं। रामपुर से कांडा कतमोर बस की हालत बेहद खराब है। लोग इस बस में जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। इसके अलावा कई बसें है, जो बीच सफर में हांफ रही है। उन्होंने कहा कि डिपो में पहले 25 बसें संचालित होती थीं, अब लगभग 10 बसों के सहारे काम चला रहे हैं। इसका सीधा असर आम यात्रियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों पर पड़ रहा है। नित्थर के लिए भी एक रूट बंद हुआ है। प्रदेश सरकार इसके लिए कुछ नहीं कर रही है और सिर्फ गारंटी और घोषणा बड़ी-बड़ी है। उधर, रामपुर बस अड्डा प्रभारी स्वरूप दीवान का कहना है कि जब नई बसें आएंगी तो समस्या दूर हो जाएगी। जब तक ये बसें हैं, इन्हीं से काम चलाना पड़ेगा।