उद्योग विभाग ने एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल-स्पीति)। उद्योग विभाग ने काजा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में करीब 30 स्थानीय उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया और डिजिटल सशक्तीकरण का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला में विपणन, डिजिटल साक्षरता और ब्रांड निर्माण पर जोर दिया गया। सरकारी ई-बाजार पोर्टल और सूक्ष्म एवं लघु उद्यम समूह विकास योजना भी प्रमुख विषय रहे। उद्योग विभाग की विधिशा शर्मा ने डिजिटल उपकरणों के उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने सामाजिक माध्यमों के प्रभावी उपयोग और ऑनलाइन पहचान बनाने की जानकारी दी। विधिशा शर्मा ने ग्राहकों से संवाद स्थापित करने के तरीके भी बताए। उन्होंने सूक्ष्म एवं लघु उद्यम समूह विकास योजना के तहत औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। इसमें वित्तीय और तकनीकी सहायता के बारे में भी बताया गया। सीईएल के प्रशिक्षक सरवेश शर्मा ने सरकारी ई-बाजार पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, उत्पाद सूचीकरण और सरकारी खरीद में सहभागिता समझाई। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से अपने व्यवसाय से जुड़े कई प्रश्न पूछे। विधिशा शर्मा ने विपणन और डिजिटल साक्षरता पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।