विकास की बात : विभाग स्थापित कर रहा बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
मरीजों को निजी संस्थानों के चक्कर लगाने से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में पहुंचने वाले चार जिले के लोगों को जल्द ही विभिन्न टेस्ट सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में आयुर्वेदिक विभाग जुलाई में बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन स्थापित करेगा। मशीन स्थापित होने से मरीज अस्पताल परिसर में ही टेस्ट करवा सकेंगे और उन्हें निजी संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मरीजों को नई मशीन लगने से शुगर, रीनल, कोलेस्ट्रॉल समेत अन्य टेस्ट करवाने की सुविधा मिलेगी। इस सुविधा का लाभ नारकंडा से लेकर किन्नौर, आनी और निरमंड उपमंडल के हजारों मरीजों को मिलेगा। अस्पताल में वर्तमान में भी मशीन है, लेकिन मशीन बहुत पुरानी हो गई थी। अस्पताल में रोजाना 150 से 200 मरीज अस्पताल पहुंचते हैं। चार जिलों के मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले आयुर्वेदिक अस्पताल में 5 लाख 40 हजार की लागत से अत्याधुनिक टेस्ट मशीन स्थापित होगी। आधुनिक टेस्ट मशीन स्थापित होने से मरीजों को निजी लैब में जाकर टेस्ट नहीं करवाने होंगे। अस्पताल में ही सभी निशुल्क टेस्ट किए जाएंगे। रामपुर की बीएमओ रोहिणी शर्मा ने कहा कि जुलाई माह से अस्पताल में मरीजों को नई आधुनिक टेस्ट मशीन का लाभ मिलेगा। मशीन को जल्द ही स्थापित किया जाएगा, जिससे मरीजों को आधुनिक टेस्ट मशीन का लाभ मिल सके।