आनी में आयोजित बैठक के दौरान मौजूद सीटू, पुलिस, विद्युत और अन्य विभागों से आए पदाधिकारी। संवाद
पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर और बिजली बोर्ड की बैठक में मांगों को लेकर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। ट्रेड यूनियन के आह्वान पर वीरवार को पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, परिवहन निगम और किसान मोर्चा की संयुक्त बैठक हुई। अध्यक्षता आनी ब्लॉक के उपाध्यक्ष अमर सिंह ने की। यह बैठक हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ की संयुक्त कार्रवाई समिति के सदस्यों के अनुरोध पर बुलाई गई थी। बैठक के दौरान पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन आनी ब्लॉक ने संयुक्त रूप से चल रहे आंदोलन में भाग लेते हुए प्रदर्शन और पेन डाउन हड़ताल को समर्थन दिया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्स और कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया और सरकार की नीतियों पर अपने विचार रखे। बैठक में हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड, एचआरटीसी, किसान मोर्चा, सीटू और पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने एकजुट होकर सरकार की ओर से प्रस्तावित विद्युत विधेयक-2025 का कड़ा विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि यह विधेयक उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ है और इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। बिजली उपभोक्ता होने के नाते सभी संगठनों के सदस्यों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का भी विरोध किया और इसे जनता के लिए नुकसानदेह बताया। इसके अलावा पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की लंबित मांगों को लेकर भी गहरी नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। इस मौके पर सूरज प्रकाश, अमर नैन, शोभा राम, गुरदयाल सिंह, गुड्डू राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।