डंसा (रामपुर बुशहर)। बाहलीधार को जोड़ने वाली अवरुद्ध डंसा-पनोली वाया शांदल सड़क काे डेढ़ महीने से लोक निर्माण विभाग बहाल करने में जुटा है। वहीं, सड़क को बहाल करने में हो देरी पर लोगों ने रोष जताया है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को रसोई गैस का सिलिंडर से लेकर खाद्य वस्तुओं को गांव तक पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। इस सड़क से डंसा, पनोली, दामणी, शांदल और बारह बीस के बाहलीधार की तरफ आने जाने वाले लोग पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने वाया लालसा-बाहलीधार सड़क पर पहले ही आवाजाही सुनिश्चित करवा रखी है, लेकिन कम दूरी के चलते इस सड़क का खासा महत्व है। अधिकांश वाहनों की आवाजाही इसी सड़क से होती है। ग्रामीणों में तारा चंद, किशोर हुडन, भूप सिंह, किशोरी लाल, टिकम दास हुडन, हीरा लाल, रूप दास, बंसी लाल और सुंदर सिंह ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द सड़क को बहाल किया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बृज लाल ने बताया कि चार किलोमीटर सड़क पहले ही बहाल करवाई जा चुकी है। सड़क को बहाल करने में मशीनरी और मजदूर जुटे हुए हैं।