लोग टैक्सियों में महंगा किराया अदा कर सफर करने को मजबूर
ग्रामीणों ने करशाला बस वाया कोठी चलाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
उपमंडल आनी की राणाबाग-करशाला मुख्य सड़क पर पांच महीने से बस सेवा ठप है। ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। करशाला क्षेत्र के लोगों ने सरकार से करशाला बस सेवा को वाया रूहाचला-कोठी शुरू करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना कि पांच महीने से राणाबाग-करशाला सड़क बंद होने से तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। टैक्सियों में महंगा किराया देना पड़ रहा है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो गया है। भाजपा महामंत्री सुरेंद्र ठाकुर, भाजपा मीडिया प्रभारी गगन साहसी, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष कुमार ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य संजय ठाकुर, डोला राम कटोच, ध्यान ठाकुर, ज्ञान ठाकुर, पन्ना लाल, ईश्वर दास और रोशन लाल ने बताया कि करशैईगाड़-रघुपुर को जोड़ने वाली सड़कें लंबे समय से अवरुद्ध हैं। इस कारण करशाला, पनौटी, जुहड और करशैईगाड़ के लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो चुकी है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक कोटासेरी-करशाला और माशनू नाला-जुहड सड़क बस के लिए बहाल नहीं होती, तब तक अस्थायी रूप से करशाला बस को वाया कोठी-रूहाचला चलाया जाए। लोगों ने सरकार और विभाग से जल्द समाधान की मांग की है ताकि आम जनता को परेशानी से राहत मिल सके। गगन साहसी ने बताया कि बस सेवा बंद होने से बीमार और जरूरतमंद लोगों को महंगे किराये पर टैक्सियां करनी पड़ रही हैं। कई बार तो टैक्सी भी उपलब्ध नहीं होती, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि करशाला में निगम की दो बसें चार महीने से फंसी हुई थीं, जिन्हें विभाग ने अब वाया रूहाचला-कोठी मार्ग से निकाल लिया है।