बाघी तक पहुंचने के लिए निजी गाड़ियों में अधिक किराया देने को मजबूर लोग
बर्फबारी के बाद बस सेवा ठप, ग्रामीणों में भारी रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। रामपुर से बागी रूट पर तीन महीने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा ठप पड़ी है। रामपुर से बाघी बस ननखड़ी तक ही जा रही है और अंतिम गंतव्य बागी नहीं पहुंच रही है। इस कारण ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है और लोग निजी वाहनों में अधिक किराया अदा करने को मजबूर हैं। रामपुर से बाघी बस सुबह 6:00 बजे खड़ाहन, खोलीघाट और ननखड़ी होकर बागी के लिए चलती है, लेकिन लंबे समय से बर्फबारी होने के बाद बस ननखड़ी तक ही जा रही है। यह बस बाघी तक नहीं जा रही। इसे लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी रोष है। सर्दियों में बर्फ पड़ने के कारण सड़क बंद हो गई थी, लेकिन सड़क खुलने के बाद भी निगम की बस सेवा शुरू नहीं हो पाई। ऐसे में ग्रामीणों को ननखड़ी से खदराला, टूटूपानी, केवली, जरला, कड़ीवन, कुठाडी, नालाबन, बागी और रोहड़ू जाने के लिए टैक्सियों में महंगा किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। ननखड़ी पंचायत के पूर्व उप प्रधान शमशेर ठाकुर, राजीव ठाकुर, सुभाष चंद, सुधीर, प्रेम राज, देविंद्र सिंह और दिग्विजय सहित अन्य लोगों ने निगम से रूट पर जल्द बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई है ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। वहीं, रामपुर के अड्डा प्रभारी स्वरूप चंद ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने अभी तक सड़क की क्लीयरेंस नहीं दी है। इसके मद्देनजर बस सेवा शुरू नहीं की गई है। उधर, लोक निर्माण विभाग ननखड़ी के सहायक अभियंता राकेश श्याम ने बताया कि आज ही सड़क की क्लीयरेंस अड्डा प्रभारी रामपुर को दे दी गई है।