झूठा प्रचार कर प्रदेश की वास्तविक स्थिति छुपा रही कांग्रेस सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष पूरे होने के बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। 15 अप्रैल को भी मुख्यमंत्री की ओर से जनता को गुमराह करने और झूठे दावे करने का सिलसिला जारी रहा। इतना ही नहीं, प्रदेश से बाहर जाकर भी झूठा प्रचार-प्रसार कर हिमाचल की वास्तविक स्थिति को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। डोगरा ने कहा कि प्रदेश की जनता को लगातार भ्रमित किया जा रहा है। किसानों-बागवानों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। सेब उत्पादकों को समय पर दवाइयां उपलब्ध नहीं हो रही हैं और न ही उन्हें किसी प्रकार की सब्सिडी मिल रही है। दूध उत्पादकों को दूध का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों, दिव्यांगजनों, दृष्टिहीनों और पेंशनभोगियों से किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। हर वर्ग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हिमाचल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। आए दिन हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं और गरीब व्यक्ति की कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही। साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को विकास के बजाय अव्यवस्था और असुरक्षा की ओर धकेला है। अब सरकार के पास मात्र 18 महीने शेष बचे हैं, लेकिन जनता का विश्वास पूरी तरह टूट चुका है। कांग्रेस का तथाकथित खटाखट मॉडल पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ है।