कांगल पंचायत में विश्राम गृह के विस्तारीकरण और सुधारीकरण कार्य को लेकर जायजा लेते पंचायत प्रधान
विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कांगल पंचायत में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दौरे के दौरान विश्राम गृह में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण और भवन की मरम्मत करवाने की घोषणा की थी। शुक्रवार को विभाग के अधिकारी एस्टीमेट तैयार करने और प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण करने के लिए मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने भवन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। साथ ही विस्तार और मरम्मत कार्यों से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कीं। उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक कुलदीप सिंह राठौर और विभागीय अधिकारियों का आभार जताया। लोगों ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। पंचायत प्रधान कृतिका नेगी ने कहा कि मोगड़ा, कोटीघाट और जंजैली पंचायत के लोगों को इससे काफी अधिक सुविधा मिलेगी। सरकार की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्रीय विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।