नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उप तहसील की देहरा पंचायत के मोइन गांव के साथ लगते झुंगला झूला पुल जर्जर हो गया है। खतरे को भांपते हुए पुल पर से आवाजाही बंद कर दी गई है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह गांव राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच के पास सतलुज नदी के साथ बसा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच से झुंगला गांव के लिए एकमात्र रास्ता झूला पुल है, जिसकी हालत बेहद जर्जर है। देहरा पंचायत की प्रधान अनिता ठाकुर ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द पुल को दुरुस्त करने की मांग की है। अनिता ठाकुर का कहना है कि पंचायत के इस गांव के लोग जान हथेली पर रखकर यहां से सफर करने को मजबूर हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग नित्थर के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु कटोच का कहना है कि दो दिनों के अंदर पुल को दुरुस्त कर दिया जाएगा।