लंबे समय से हॉस्टल की हालत बनी हुई है बदतर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर के बॉयज हॉस्टल का जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू होगा। इस कार्य पर 13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। हॉस्टल की खस्ताहाल स्थिति के कारण विद्यार्थियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह छात्रावास कई वर्षों पहले छात्रों की सुविधा के लिए बनाया गया था। हालांकि, पिछले कई महीनों से इसकी हालत बद से बदतर हो गई है। छत पर पानी की उचित निकासी न होने के कारण कमरों में सीलन की समस्या बढ़ गई है। बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे छात्रों को रहने और पढ़ने में दिक्कतें आ रही हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी सत्र में छात्रों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। हॉस्टल में कुल 70 सीटें हैं, जिनमें से 50 सीटों पर छात्रों ने दाखिला लिया हुआ है। मरम्मत कार्य में हॉस्टल की दीवारें, रसोईघर और शौचालय सहित अन्य हिस्सों का सुधार किया जाएगा। कार्य शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर खुलने के बाद वास्तविक कार्य प्रारंभ होगा। रामपुर कॉलेज में शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी सहित कई जिलों के छात्र पढ़ने आते हैं। छात्रावास की खराब स्थिति के कारण उन्हें काफी असुविधा हो रही है। कमरों में सीलन और छत से पानी रिसने की समस्या आम है। छात्रों को हॉस्टल में रहने और पढ़ने की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। कॉलेज प्राचार्य पंकज बसोतिया ने बताया कि छात्रावास के सुधार के लिए बजट का प्रावधान हो गया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज को 20 फीसदी राशि मिल गई है, जबकि शेष राशि कार्य पूरा होने के बाद जारी की जाएगी। प्राचार्य ने विश्वास दिलाया कि जल्द ही सुधार कार्य शुरू होगा। इससे छात्रों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल पाएगा।