पंचायतीराज चुनाव में भी दिखने लगे विधानसभा चुनाव के रंग
विज्ञापन
रोहड़ू में कई प्रत्याशी पारंपरिक वाद्ययंत्रों को साथ लेकर नामांकन करने पहुंचे राजेश हंसरेटा रोहड़ू। पंचायतीराज चुनाव में इस बार पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनियों के साथ चुनावी हुंकार भरी जा रही है। पंचायतीराज चुनावों में विधानसभा चुनाव के रंग देखने को मिल रहे हैं। जिला परिषद के प्रत्याशी समर्थकों के दलबल के साथ अपने नामांकन भरने पहुंच रहे हैं। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनियों के साथ प्रत्याशी नामांकन पत्र भर रहे हैं। प्रत्याशियों में वाद्ययंत्रों की ध्वनियों के साथ नामांकन पत्र भरने की होड़ लगी हुई है। नामांकन की प्रक्रिया बीते दो दिन से चल रही है। रोहड़ू उपमंडल में अभी तक 10 प्रत्याशियों ने जिला परिषद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसमें से अधिकांश प्रत्याशी पारंपरिक वाद्ययंत्रों को साथ लेकर नामांकन करने पहुंचे। वाद्ययंत्रों की ध्वनियों पर उम्मीदवारों के साथ आए समर्थक भी जमकर नाचते रहे। शुक्रवार को भी एसडीएम रोहड़ू कार्यालय के परिसर में दिनभर माहौल उत्सव की तरह रहा। एक प्रत्याशी का शक्ति प्रदर्शन समाप्त होते ही दूसरा प्रत्याशी नाचते-गाते अपने समर्थकों के साथ नामांकन के लिए पहुंच जाता। वाद्ययंत्रों के साथ प्रत्याशियों के समर्थकों का नृत्य और शक्ति प्रदर्शन लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। हालांकि, अब नामांकन के लिए 11 मई का ही मात्र एक दिन ही शेष बचा है। ऐसे में अब एक-दूसरे की देखा-देखी में प्रत्याशियों में वाद्ययंत्रों के साथ नामांकन भरने की होड़ लगी है।
रोहड़ू में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ नामांकन भरने जाते प्रत्याशी। संवाद