निरमंड में सडक़ों की बहाली को लेकर अधिशासी अभियंता से मिला किसान सभा का प्रतिनिधिमंडल। स्रोत : स
किसान सभा ने अधिशासी अभियंता से मिलकर उठाई मांग
क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर नहीं हो पाई बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। निरमंड उपमंडल में भारी बरसात ने क्षेत्र की अधिकतर सड़कों को नुकसान पहुंचाया है। कई सड़कों पर अभी भी वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। सड़कें छोटे वाहनों के लिए तो खुल गईं, लेकिन बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही अब तक शुरू नहीं हो पाई है। कई महीने बीतने के बाद भी सड़कें बहाल न होने से ग्रामीण परेशानी झेल रहे हैं। किसान सभा ने लोक निर्माण विभाग से इन सड़कों को जल्द बहाल करने की मांग उठाई है। हिमाचल किसान सभा निरमंड कमेटी का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को सभा के अध्यक्ष देवकी नंद और महासचिव पूर्ण ठाकुर की अध्यक्षता में निरमंड के अधिशासी अभियंता आनंद शर्मा से मिला। किसान सभा ने निरमंड उपमंडल की बंद पड़ीं सड़कों पर चर्चा की। अध्यक्ष देवकी नंद ने कहा कि बरसात का दौर थमने के एक महीने बाद भी निरमंड उपमंडल की अधिकतर सड़कें बड़े वाहनों के लिए बंद हैं। परिवहन सुविधा न होने से लोगों को सामान अपनी पीठ पर ढोकर ले जाना पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अधिक किराया खर्चकर निजी वाहनों में सफर करने को मजबूर हैं। देवकी नंद ने बताया कि उपमंडल की मुख्य दुराह से उरटू सड़क, ठारवा, ठारला, बागासराहन, सराहन, तूनन और कुश्वा समेत कई क्षेत्रों के लिए अब तक बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। बस सेवाएं न चलने से ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग के प्रति भारी रोष है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़कों को जल्द बड़े वाहनों के लिए बहाल कर ग्रामीणों को राहत देने की मांग उठाई है। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द सड़कें बहाल नहीं होती हैं, तो किसान सभा को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस अवसर पर किसान सभा के सन्नी, परमिंदर, बेगू राम, दुर्गा नंद, श्याम लाल, रमेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग निरमंड के अधिशासी अभियंता आनंद शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि 15 दिन के भीतर क्षेत्र की बंद पड़ी सड़कें बड़े वाहनों के लिए खोल दी जाएंगी।