रामपुर बुशहर। लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 में स्वच्छता को लेकर अभियान तेज हो गया है। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत परियोजना में 2 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े का शुभारंभ स्वच्छता शपथ समारोह के साथ हुआ। परियोजना प्रमुख जसवंत सिंह कपूर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। परियोजना प्रमुख ने कर्मचारियों से कार्यालय, परियोजना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ स्वच्छता के प्रति लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। स्वच्छता पखवाड़े के तहत परियोजना क्षेत्र में विभिन्न स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान और जनसहभागिता आधारित अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ कार्य संस्कृति को मजबूत करने पर जोर रहेगा। परियोजना प्रबंधन का उद्देश्य स्वच्छ भारत की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक वातावरण तैयार करना है।