रामपुर से सनेई चलते वाली बस रचोली में हांफी . निगम ने दो घंटे बाद भेजी दूसरी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर से सनेई चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की सायंकालीन बस सोमवार को रचोली में तकनीकी खराबी के चलते खड़ी हो गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद निगम ने बस भेजी, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस रूट पर बस शाम 5:30 बजे रामपुर से चलती है, लेकिन करीब पांच किलोमीटर चलने के बाद यह बस रचोली में खड़ी हो गई। इससे घरों को लौट रहे लोगों, नौकरीपेशा लोगों और स्कूली छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों में भगवान सहाय, प्रेम दास, प्रताप, कमल नेगी, हरबंस लाल, तेगी राम सहित अन्य ने निगम प्रबंधन की लचर कार्यशैली पर कड़ा रोष जताया है l उधर, निगम प्रबंधन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। करीब शाम 7:30 बजे दूसरी बस निगम की ओर से भेजी गई।