एडीओ और एईओ के पद खाली, बीजों और उपकरण के लिए भटक रहे किसान
. बाजार से महंगे दामों में खरीदने को मजबूर किसान-बागवान
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। दलाश के कृषि विभाग के कार्यालय में तीन साल से ताला लटका है। क्षेत्र के किसानों-बागवानों को सरकार की ओर से कृषि विभाग के माध्यम से मुहैया करवाई जाने वाली योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही दलाश कृषि विभाग कार्यालय में कृषि विकास अधिकारी (एडीओ) और कृषि विस्तार अधिकारी (एईओ) के दोनों पद खाली हैं। किसानों-बागवानों को कृषि उपकरणों और बीजों के लिए भटकना पड़ रहा है। दलाश कृषि विभाग कार्यालय से क्षेत्र की करीब सात पंचायतों के किसातों-बागवानों को लाभ मिलता है। बीते तीन साल से कार्यालय बंद होने से किसानों-बागवानों को सरकारी योजनाओं के तहत फसल के बीज और कृषि उपकरण नहीं मिल पा रहे हैं। बाजार से महंगे दामों पर खरीदते पड़ रहे हैं। क्षेत्र के किसानों-बागवानों में विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष है। दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा, डिंगीधार पंचायत प्रधान बंसीलाल और व्युंगल पंचायत प्रधान जालप राम सहित अन्य लोगों ने सरकार सहित विभाग से मांग की है कि दलाश में बंद पड़े कृषि विभाग के कार्यालय को खोला जाए और स्टाफ की तैनाती की जाए, ताकि बागवानों को सरकार की ओर से दी जाने वाली विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। किसानों-बागवानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।