पूछताछ के लिए लखनऊ के आरोपी को थाने लाया गया
बार-बार एक समान अपराध में संलिप्त होने पर किया गिरफ्तार
रोहड़ू। कोटखाई की एक महिला को लगातार परेशान करने वाला आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। एक महिला की शिकायत पर कोटखाई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा-78 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ के जानकीपुरम निवासी प्रशांत शेखर सिंह उसे लगातार व्हाट्सएप मैसेज, कॉल और अन्य माध्यमों से परेशान कर रहा था। पुलिस के अनुसार शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पहले से ही स्टॉकिंग और पीछा करने से जुड़े पांच मामले विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं, जिनमें दो मामले कोटखाई थाना से संबंधित हैं। मामले की जांच के दौरान 19 मई को आरोपी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी पहले भी इसी प्रकार के अपराधों में संलिप्त रहा है। हाल ही में जेल से रिहा हुआ है। इसके बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी की ओर से बार-बार समान प्रकृति के अपराध दोहराने, पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।