बजाथल और आसपास के विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा(रोहड़ू)। राजकीय उच्च विद्यालय बजाथल में टीजीटी नॉन मेडिकल शिक्षक की नियुक्ति की गई है। इस नियुक्ति से क्षेत्र के ग्रामीणों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। अब बजाथल और आसपास के विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह पद विद्यालय में करीब 20 वर्ष से रिक्त चल रहा था। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस पद को भरने की मांग कर रहे थे। शिक्षक की कमी के कारण विज्ञान विषय में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को मजबूरी में अन्य विषय चुनने पड़ते थे। उन्हें पढ़ाई के लिए करीब 12 किलोमीटर दूर नेरवा या केदी जाना पड़ता था। सड़क सुविधा होने के बावजूद नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। इससे विद्यार्थियों को कई बार 12 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी। ऐसे में अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों को इतनी दूर भेजने में असमर्थ रहते थे। अब स्थानीय विद्यार्थियों को घर के समीप ही बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिल सकेगी। विद्यालय प्रबंधन समिति बजाथल के अध्यक्ष मेला राम शर्मा ने इस संबंध में प्रयास किए थे। पंचायत निवासी और नेशनल सेविंग स्टेट एडवाइजरी बोर्ड के निदेशक दिनेश घुंटा भी उनके साथ थे। दोनों ने शिमला जाकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात की थी। उन्होंने विद्यालय में रिक्त टीजीटी नॉन मेडिकल पद को भरने की मांग उठाई थी। शिक्षा मंत्री ने उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पद भरने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षक की नियुक्ति के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष मेला राम शर्मा ने कहा कि इस नियुक्ति से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। सदस्य मोहर सिंह, उर्मिला, प्रोमिला, इंद्रा, सागर तथा दिनेश घुंटा ने भी इस कदम की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।