विकास कार्यों को मिली गति, मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री व विधायक का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
जिला परिषद सदस्य रोनी राणा ने क्षेत्र में हाल में हुए विभिन्न विकास कार्यों, स्वीकृत परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और रामपुर के विधायक नंद लाल का आभार जताया है। रोनी राणा ने रामपुर में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के क्षेत्रीय दौरे के बाद नरैण वार्ड में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से पांच करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के टेंडर लगाए गए हैं। इनमें बहाली रेस्ट हाउस, तकलेच क्षेत्र में स्लैब व कलवर्ट निर्माण के साथ सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की सड़क व्यवस्था और लोगों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार होगा। उन्होंने तकलेच स्कूल को सीबीएसई का दर्जा दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। रोनी राणा ने मुख्यमंत्री के काशापाठ दौरे को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने काशापाठ पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। काशापाठ के नए स्कूल भवन के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा तथा काशापाठ-रामपुर वाया तकलेच बस सेवा शुरू करने के प्रयास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का काशापाठ में रात्रि प्रवास दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने काशापाठ तक सड़क पहुंचाने में योगदान देने वाले आजीत जी को याद किए जाने को भी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। रोनी राणा ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीतिक श्रेय लेना नहीं, बल्कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना है। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग के लिए क्षेत्र की जनता का भी आभार जताया।