रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की झाकड़ी शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से झाकड़ी गांव में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर लगाया। शिविर के दौरान महिलाओं को बैंक की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। शाखा प्रबंधक चेत राम चौहान, कार्यकारी सहायक अजय कुमार और लिपिक संजीव नेगी ने उपस्थित लोगों को बैंक की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उच्च घनत्व सेब रोपण योजना, महिला सशक्तीकरण ऋण योजना, सपनों की संचय योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और विभिन्न बीमा योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों के बारे में भी बताया गया। बैंक अधिकारियों ने बैंक में हुए सॉफ्टवेयर अपडेट के संबंध में भी ग्राहकों को जानकारी दी, ताकि वे बैंकिंग सेवाओं का बेहतर तरीके से लाभ उठा सकें। इस अवसर पर महिला मंडल झाकड़ी की सदस्य चिंता देवी, सविता देवी, शिक्षा, जया देवी, पूनम कुमारी, लिलिमा, अनीता वर्मा, शांति देवी, रक्षा, बीरमा, संगीता, पुष्पा देवी, रत्न शर्मा, अश्वनी कुमार, साहिब सिंह सिंघा, हरि दास राठौर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।