. रामपुर में बैठक कर तकनीकी कर्मचारियों ने सरकार और बोर्ड प्रबंधन से उठाई मांग
. तकनीकी कर्मचारियों को मिले मूलभूत उपकरण और सामान : नेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बिजली बोर्ड में सेवाएं दे रहे नॉन आईटीआई कर्मचारियों के कोटे को 10 प्रतिशत से बढ़ाने की मांग की है। साथ ही यूनियन ने इन कर्मचारियों को वन टाइम सेटलमेंट के तहत पदोन्नत करने का मसला उठाया है। यूनियन में फील्ड में तैनात तकनीकी कर्मचारियों को मूलभूत उपकरण और सुविधा मुहैया करवाने की भी मांग उठाई है। रामपुर में बैठक कर यूनियन ने समस्याओं और मांगों पर चर्चा की और सरकार से राहत की गुहार लगाई। राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी यूनियन इकाई रामपुर की मासिक बैठक सोमवार को फील्ड हॉस्टल में हुई। अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष जवाहर लाल नेगी ने की। बैठक में राज्य तकनीकी कर्मचारी संघ के राज्य महामंत्री चमन लाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में नॉन आईटीआई कोटे से पदोन्नत होने वाले तकनीकी कर्मचारियों की एकमुश्त वन टाइम सेटलमेंट के तहत पदोन्नत कर टीमेट, एएलएम, एएलएम से लाइनमैन और लाइनमैन से फोरमैन करने की मांग उठाई है। बैठक में नॉन आईटीआई बैक लॉग कोटे को 10 प्रतिशत से बढ़ाया जाने और हिमाचल प्रदेश में विद्युतीकरण की बढ़ती संरचना के मुताबिक स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने, सभी सेक्शनों फ्यूज वायर, दस्ताने, टेप रोल और आवश्यक सुरक्षा उपकरण तुरंत मुहैया करवाने की मांग उठी। इसके अलावा तकनीकी कर्मचारियों को सेफ्टी शूज, बरसाती, स्नो किट सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। साथ ही बोर्ड में हो रही बिजली मित्रों की भर्ती में उन्हें फील्ड में भी सहायक के तौर पर तैनात करने की मांग की गई। इस मौके पर जवाहर नेगी, गोपाल ठाकुर, सोजू राम, नरैण सिंह, प्यारे लाल, राम कृष्ण सहित अन्य मौजूद रहे।