अक्षय बदरेल ने खेली अर्धशतकीय पारी, मैन ऑफ द मैच चुने
विजेता टीम को 1,11,111 नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित करेगा क्लब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नवयुवक मंडल सेरी-मझाली की ओर से क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में 64 टीमों के खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं। वीरवार को बशड़ी और कराली टीम के मध्य पहला मैच खेला गया। बशड़ी की टीम ने आठ ओवर में 94 रन बनाए। कराली की टीम 55 रन पर ही ढेर हो गई। वहीं, नारायण बॉयज दरकाली और नोगली के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। नोगली ने पहले खेलते हुए आठ ओवर में 60 रन बनाए। दरकाली की ओर से अक्षय बदरेल ने ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया। अक्षय को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। क्लब के अध्यक्ष अनिल भंडारी और सचिव विनोद भंडारी ने कहा कि विजेता टीम को 1,11,111 की नकद राशि और ट्रॉफी से पुरस्कृत किया जाएगा। उपविजेता टीम को 55,555 रुपये की राशि और ट्रॉफी दी जाएगी।