विकास की बात : 15 किलीमीटर लंबे हिस्से पर खर्च हो रहे 19 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
चिड़गांव (रोहड़ू)। रोहड़ू-चिड़गांव-डोडरा क्वार सड़क पर टारिंग का काम शुरू हो गया है। नाबार्ड के तहत इस सड़क के 15 किलोमीटर हिस्से को चकाचक किया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने मार्च 2027 से पहले इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इन दिनों सड़क पर बिटुमिनस मैकडम (बीएम) बिछाने का काम जारी है। सुंधा से बढ़ियारा की ओर करीब दो किलोमीटर हिस्से में बीएम बिछाई जा चुकी है। इसके बाद बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) की परत बिछाई जाएगी। दोनों चरणों का कार्य पूरा होने के बाद सड़क की सतह बेहतर और सुगम होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। इस सड़क पर सफर करने वाले वाहन चालकों को भी सुविधा होगी। लोक निर्माण विभाग के चिड़गांव के सहायक अभियंता विजय कुमार ने बताया कि इस सड़क का कार्य नाबार्ड के तहत करवाया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि यह कार्य मार्च 2027 से पहले संपन्न हो जाए। रोहड़ू-चिड़गांव-डोडरा क्वार सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क के माध्यम से स्थानीय लोग विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचते हैं। सड़क का उन्नयन यातायात सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। सड़क पर टारिंग शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।