चौपाल (रोहड़ू)। ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक उत्थान और स्वावलंबन की गूंज अब राष्ट्रीय स्तर पर सुनाई देने लगी है। हाल ही में गुरुग्राम में आयोजित लखपति दीदी प्रेस वार्ता में चौपाल विकासखंड की तारा चौहान ने अपनी सफलता की कहानी साझा कर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वाति शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस विशेष वार्ता में तीन राज्यों की चुनिंदा महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। इसमें हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए मास्टर ट्रेनर तारा चौहान ने बताया कि कैसे स्वयं सहायता समूहों ने पहाड़ी महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों ने हमें न केवल कमाना सिखाया, बल्कि बचत और सामूहिक नेतृत्व का आत्मविश्वास भी दिया है। आज गांव की महिलाएं उद्यमी बनकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रही हैं। तारा चौहान ने उद्यमिता विकास और समूह आधारित आजीविका मॉडल के अपने अनुभवों को विस्तार से साझा किया। इस प्रेस वार्ता का उद्देश्य उन महिलाओं की कहानियों को दुनिया के सामने लाना था, जिन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अन्य राज्यों से आई महिलाओं ने भी माना कि सही प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प से हर बाधा पार की जा सकती है।