अधिसूचना जारी, रामपुर की नौ दुर्गम पंचायतों के विद्यार्थियों को घर-द्वार मिलेगी सीबीएसई शिक्षा की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। पीएमश्री राजमाता शांति देवी मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्धता मिल गई है। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई शुरू होगी। इससे रामपुर की नौ दुर्गम पंचायतों के विद्यार्थियों को घर-द्वार पर ही सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।स्कूल को सीबीएसई का दर्जा मिलने से काशापाट, मुनिश, कूहल, देवठी, दरकाली, तकलेच, बाहली, नरैण और भड़ावली पंचायतों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ होगा। अभी तक इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सीबीएसई प्रणाली के तहत पढ़ाई करने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों या शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी आवागमन और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा उपलब्ध होगी। जिला परिषद नरैण वार्ड के सदस्य रोनी राणा ने स्कूल को सीबीएसई की संबद्धता मिलने पर प्रदेश सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को नई दिशा देगा। दुर्गम पंचायतों के बच्चों को अब आधुनिक शिक्षा प्रणाली के तहत पढ़ाई करने के लिए घरों से दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि तकलेच स्कूल को सीबीएसई से संबद्धता मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर अवसर मिलेंगे।