तकलेच पंचायत ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नई पहल का किया एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। तकलेच पंचायत ने क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने और गांवों को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए नई पहल की घोषणा की है। पंचायत ने निर्णय लिया है कि स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले गांवों को प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी के अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। पंचायत प्रधान सुनील कायथ ने कहा कि स्वच्छ ग्राम के रूप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले गांवों को पंचायत के अधीन होने वाले विभिन्न विकास कार्यों में प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य सामाजिक समूहों से अपने गांवों को स्वच्छता के क्षेत्र में नंबर वन बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे समय-समय पर अपने गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं और सार्वजनिक स्थानों, रास्तों सहित साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। साथ ही वीबीजी-रामजी के अंतर्गत होने वाले कार्यों में भी जिस वार्ड का कार्य बेहतर पाया जाएगा, उसे नंबर एक वार्ड के रूप में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपका गांव ही आपकी पहचान है, के संदेश के साथ पंचायत ने सभी लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की है।