अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रिकांगपिओ में सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए। संवाद
संवाद न्यूज एजेसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बुधवार को जनजातीय जिला किन्नौर के उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह विनय मोदी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिला किन्नौर की सभी पंचायतों में 14 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत जिला किन्नौर में 38 स्वच्छता लक्षित इकाइयां चिह्नित की गई थीं, जहां विभिन्न पंचायतों, संस्थाओं और सफाई मित्रों ने सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्श पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता जीवन का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश और राज्य स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने परिवेश को साफ-सुथरा रखने में मदद करें। जिला स्तरीय इस बैठक में साडा के 14 सफाई मित्रों को उनकी सेवाओं के लिए पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों सहित जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण मुकेश तोमर सहित साडा कनिष्ठ अभियंता विकास ठाकुर उपस्थित रहे।