कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। सरस्वती विद्या मंदिर कुमारसैन के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा युविका शर्मा, अक्षिता और छात्र सक्षम ने उत्तर भारत स्तरीय गणित, विज्ञान एवं संगणक मेले में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का आयोजन चंडीगढ़ के शारदा निकेतन सर्वहितकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया गया था। विद्यालय के अध्यापक सुनील शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों ने विद्यालय और प्रदेश दोनों का नाम ऊंचा किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य यशवंत भारद्वाज ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी है। विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करने और भविष्य में उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित करने की घोषणा की है।