छह दिवसीय योग शिविर में विभिन्न सिखाया योग, ध्यान और प्राणायाम
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में आर्ट ऑफ लिविंग ने छह दिवसीय योग, ध्यान और प्राणायाम शिविर लगाया। शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने योग की विभिन्न क्रियाएं सीखीं। शिविर में आए लोगों को सुदर्शन क्रिया के बारे में भी प्रशिक्षण दिया। आर्ट ऑफ लिविंग की रामपुर शाखा ने 22 से 27 अप्रैल तक श्री अयोध्यानाथ मंदिर में आनंद अनुभूति शिविर लगाया। इसमें 25 से अधिक लोगों ने भाग लिया। शिविर में वरिष्ठ प्रशिक्षक ललित मोहन भारती और पीयूष मेहता ने लोगों के योग, ध्यान और प्राणायाम के साथ साथ विश्व प्रसिद्ध सुदर्शन क्रिया सिखाई, जोकि विश्व के 180 से ज्यादा देशों में सिखाई जा रही है। संस्थान की रामपुर शाखा के समन्वयक ललित मोहन ने बताया कि सुदर्शन क्रिया और अन्य योग ध्यान के नित्य अभ्यास से व्यक्ति नकारात्मक भावनाओं, अवसाद और अन्य व्यसनों से बच सकता है, जोकि एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सहायक होगा। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में योग को अपनाकर आनंद की अनुभूति करने का भी आह्वान किया। उन्होंने बताया कि योग और प्राणायाम से व्यक्ति विकार मुक्त और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
- संवाद
रामपुर में आयोजित शिविर में योग साधना करते लोग। संवाद