रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले रामपुर बाजार में मंगलवार रात पंखे से फंदा लगाकर एक महिला ने जान दे दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे रामपुर पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर बाजर स्थित एक मकान में महिला दिव्या कपूर (29), पत्नी पंकज कपूर पंखे से फंदा लगाकर लटकी हुई है। जिस समय यह घटना हुई, उस समय दिव्या का पति इवनिंग वॉक करने गया था। जैसे ही वह अपने घर पहुंचा तो देखा कि उसकी पत्नी एक कमरे में पंखे से लटकी हुई है। उसने रोना बिलखना शुरू किया तो आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पंखे से नीचे उतारा। तब तक महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। पुलिस को मौके पर से डिप्रेशन की दवाएं और डॉक्टर की पर्ची मिली है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि एक महिला की फंदे से लटक कर मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है।