नित्थर उपतहसील की सभी पंचायतों में ग्राम सभाओं का सफल आयोजन
. ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं समस्याएं, लूहरी परियोजना से जुड़ी मांगें भी उठी
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। महात्मा गांधी जयंती पर 2 अक्तूबर को उपतहसील नित्थर की सभी पंचायतों में ग्रामसभाओं का सफल आयोजन किया गया। उपतहसील की पंचायत नित्थर, देहरा, गड़ेज, लोट, पलेही, शिल्ली, तांदी और कुठेड़ में आयोजित ग्रामसभाओं में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठकों में पंचायतों के आगामी पांच वर्षों के विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया और ग्रामीणों से विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव लिए गए। ग्रामसभाओं में वीबी-जी-रामजी योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों के अलावा अन्य विकास कार्यों को भी ग्रामीणों की ओर से रखा गया। वहीं कृषि, वन, स्वास्थ्य, जल शक्ति और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं और सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपने-अपने गांवों से जुड़ी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग उठाई। नित्थर पंचायत की ग्रामसभा में लूहरी जल विद्युत परियोजना से जुड़े कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। पंचायत प्रधान प्रवीण कुमार ने परियोजना से संबंधित रोजगार, घरों में आई दरारों सहित अन्य समस्याओं को ग्रामीणों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इन मामलों को लेकर जल्द ही कड़ा संज्ञान लिया जाएगा और संबंधित स्तर पर समस्याओं को उठाया जाएगा। देहरा पंचायत की प्रधान अनीता ठाकुर ने पंचायत में चल रही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी। देहरा पंचायत के सभी सात वार्डों में पूर्व में आयोजित उपग्राम सभाओं में ग्रामीणों की ओर से प्रस्तावित कार्यों के अलावा उन लोगों के कार्य भी ग्राम सभा में शामिल किए गए, जो उपग्राम सभाओं में शामिल नहीं हो पाए थे। ग्राम सभाओं में पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और आगामी विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर देहरा पंचायत उप प्रधान ओम प्रकाश और नित्थर पंचायत उप प्रधान कुक्कू ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।