रोहड़ू। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान रोहड़ू में एआई टूल्स से विद्यार्थियों को रोजगार योग्यता कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बहुतकनीकी संस्थान किन्नौर के प्रधानाचार्य पंकज पथिक ने प्रधानाचार्य राजकीय बहुतकनीकी रोहड़ू डॉ. धीरज कौशिक के साथ मिलकर रोहड़ू संस्थान में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए वाधवानी स्किलिंग जॉब रेडी एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स कोर्स आरंभ किया। यह कोर्स वाधवानी फाउंडेशन की ओर से निशुल्क प्रदान किया जा रहा है, जो एक गैर लाभकारी संगठन है। इसकी स्थापना और वित्तपोषण इसके संस्थापक रोमेश वाधवानी ने किया है। कोर्स का मुख्य उद्देश्य छात्रों की नौकरी की संभावना को बढ़ाना और उन्हें आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करना है। नौकरियां बनाना और जीवन बदलने के दृष्टिकोण और मिशन के साथ, वाधवानी फाउंडेशन स्किलिंग, उद्यमिता, नवाचार और अनुसंधान प्रदान करता है। यह कोर्स ए आई टूल्स से संचालित है, जो विद्यार्थियों को रोजगार योग्यता कौशल और व्यक्तिगत गुण विकसित करने में मदद करेगा। यह कार्यक्रम 15 दिसंबर को समाप्त होगा।