सरस्वतीनगर कालेज में रैगिंग मुक्त परिसर बनाने की शपथ लेते छात्र
एंटी रैगिंग कमेटी और रेड रिबन क्लब ने किया कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। सरस्वतीनगर काॅलेज में एंटी रैगिंग कमेटी व रेड रिबन क्लब ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस और एंटी रैगिंग डे पर कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. पूनम चौहान ने विद्यार्थियों को एड्स के प्रति संवेदनशीलता की शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग मुक्त परिसर बनाने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी करवाई, जिसमें 272 विद्यार्थियों ने भाग लिया। एंटी रैगिंग कमेटी की संयोजिका डॉ. योगिता बंदटा ने विद्यार्थियों को रैगिंग मुक्त परिसर बनाए रखने की शपथ दिलाई और रैगिंग के दुष्परिणाम बताए। उन्होंने कहा कि रैगिंग एक दंडनीय अपराध है और इसे किसी भी परिस्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने छात्रों को आपसी सौहार्द, सम्मान एवं अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रो. प्रीति पांटा ने विद्यार्थियों को रैगिंग संबंधी जागरुकता के महत्व पर संबोधित किया। वहीं, प्रो. संदीप ठाकुर ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से रैगिंग के दुष्प्रभावों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम मेहता ने इस पहल को एक सकारात्मक और सार्थक प्रयास बताया।