नेरवा (रोहड़ू)। राजकीय महाविद्यालय नेरवा में कॅरिअर काउंसलिंग सेल, रेड रिबन क्लब और रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कौशल विकास, सड़क सुरक्षा, एड्स नियंत्रण और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य वक्ता नरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए एआई और रोजगारपरक कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया। रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया, जबकि रेड रिबन क्लब के सदस्यों ने मानव शृंखला बनाकर एड्स के रोकथाम पर जागरूक किया। प्राचार्य प्रो. संगीता झगटा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के तनाव से बचने और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने की सलाह दी। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उज्ज्वल शर्मा ने तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान एड्स जागरूकता पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रो. वरुण सूद ने मंच संचालन किया, जबकि प्रो. दिनेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।