. महाविद्यालय रिकांगपिओ में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। टीएस नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ में वीरवार को आपदा प्रबंधन जागरूकता और प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। यह शिविर डीआरआर क्लब एड-ऑन कोर्स और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपदा के समय सामुदायिक सुरक्षा के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा आपदा की स्थिति में सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक बचाव और सामुदायिक सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्लाटून कमांडर भुदराज, वरिष्ठ प्लाटून कमांडर जगजीवन राम, प्लाटून हवलदार प्रेम कुमार, प्लाटून हवलदार प्रेम सिंह और प्लाटून हवलदार योगराज ने आपदा प्रबंधन की जानकारी दी। आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले विभिन्न सुरक्षा और बचाव उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआरआर क्लब संयोजक प्रो. धर्मकीर्ति नेगी ने सभी प्रशिक्षकों का स्वागत किया। डीएसडब्ल्यू प्रो. जनक नेगी ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक होना चाहिए। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. विजय संसपाल नेगी ने प्रभावी ढंग से किया। डॉ. शांता कुमार नेगी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में प्रो. कपूर चंद नेगी और प्रो. आंचला नेगी का सहयोग रहा। कार्यक्रम में 122 विद्यार्थियों ने भाग लिया।