जैस स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी और अन्य। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
वन्यजीव सप्ताह के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जैस में वन विभाग ने जागरूकता शिविर लगाया। 2 से 8 अक्तूबर तक मनाए जा रहे वन्यजीव सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में वन विभाग के अधिकारियों ने प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन में वन्यजीवों की भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी देने के साथ बताया गया कि वन्यजीव प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और इनके संरक्षण में सहयोग देने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने कहा कि जीव-जंतु प्रकृति का अनमोल उपहार हैं और पर्यावरण संतुलन में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।