रोहड़ू। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर में शुक्रवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या सुमित्रा चौहान मुख्य अतिथि थीं। हिंदी विभाग की सेवानिवृत्त सह प्राध्यापिका निर्मल चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हिंदी विभाग की अध्यक्षा योगिता बंदटा ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने भाषण, कथा वाचन, पोस्टर और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोकगीत, गजल, भजन, कवि गोष्ठी, कविता पाठ और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों से समां बांधा। मुख्य अतिथि सुमित्रा चौहान ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने इसके संरक्षण और संवर्धन में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। सेवानिवृत्त सह प्राध्यापिका निर्मल चौहान ने भी हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। अंत में, हिंदी विभाग की अध्यक्षा योगिता बंदटा ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।