सनबीम स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करते मुख्यातिथि। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
जुब्बल (रोहड़ू)।
सनबीम इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान और कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान, गणित, पर्यावरण और सामाजिक विज्ञान विषयों पर आधारित विभिन्न आकर्षक मॉडल, चार्ट और कार्यशील प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। प्रदर्शनी में प्रस्तुत इन मॉडलों और कलाकृतियों ने शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की मेहनत और रचनात्मक सोच की उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य अरुण ठाकुर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।