पीएमश्री स्कूल आनी में संविधान दिवस पर वाद-विवाद और प्रस्तावना लेखन प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और निर्वाचन साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य शालू ठाकुर ने की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर विचार रखे। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं प्रवक्ता कुंदन शर्मा ने विद्यार्थियों को संविधान के निर्माण, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांविधानिक अधिकारों व मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। इस दौरान प्रस्तावना लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिता भी करवाई गई। वाद-विवाद प्रतियोगिता में यशिका कश्यप ने प्रथम, खुशबू ठाकुर ने द्वितीय और अभिमन्यु गांधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रस्तावना लेखन प्रतियोगिता में वर्णिका शर्मा प्रथम, नेहा खाची द्वितीय और अर्चना कश्यप तृतीय रहीं। प्रवक्ता डोला राम शर्मा, रेखा ठाकुर और अनीता ठाकुर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य शालू ठाकुर ने विद्यार्थियों को संविधान के पालन की शपथ दिलाई और लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।