ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। महात्मा गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कोटला (ज्यूरी) में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक छात्रों और स्टाफ ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। कॉलेज प्रशासन की ओर से स्वच्छता कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न संकाय सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इनमें अकादमिक ब्लॉक, क्लब हाउस, हॉस्टल, रिहायशी क्षेत्र और प्रशासनिक ब्लॉक से कॉलेज गेट तक के क्षेत्र शामिल रहे। सभी एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्रों ने सुबह 10:00 बजे प्रशासनिक ब्लॉक परिसर में एकत्रित होकर भाग लिया। इसके बाद उन्हें चार समूहों में विभाजित कर विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य के लिए भेजा गया। कॉलेज के एनएसएस समन्वयक राजीव गुमरावत ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य छात्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।