कोटखाई (रोहड़ू)। डीएवी शताब्दी महाविद्यालय कोटखाई में विद्यार्थियों को स्नातक के बाद कॅरिअर के बेहतर अवसरों से अवगत करवाने के लिए कॅरिअर काउंसिलिंग सेल ने विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। इसमें सीजीसी यूनिवर्सिटी मोहाली के इंजीनियर एवं सहायक प्रबंधक दिनेश डोगरा ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों और कॅरिअर निर्माण की रणनीतियों की जानकारी दी। दिनेश डोगरा ने विद्यार्थियों को एलएलबी में प्रवेश से संबंधित सीएलएटी, सीडीएस, सीयूईटी, बैंकिंग, क्लर्क भर्ती और केंद्र सरकार की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में बताया। उन्होंने परीक्षाओं की पात्रता, चयन प्रक्रिया और तैयारी के प्रभावी तरीकों पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को सरकारी और अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध कॅरिअर की संभावनाओं से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सही लक्ष्य, नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में कॅरिअर काउंसिलिंग सेल के संयोजक विनोद गुप्ता ने मुख्य वक्ता दिनेश डोगरा का आभार व्यक्त किया।