रिकांगपिओ(किन्नौर)। केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में आपदा सुरक्षा पर एक विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में गृह रक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को भूकंप और आग से निपटने के गुर सिखाए। गृह रक्षक प्रथम वाहिनी के विशेषज्ञों की टीम ने इस कार्यक्रम में मुख्य भूमिका निभाई। वरिष्ठ प्लाटून कमांडर बुध राज के नेतृत्व में टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को भूकंप और आग लगने जैसी स्थितियों में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न व्यावहारिक प्रदर्शन किए गए। प्लाटून हवलदार प्रेम कुमार, प्लाटून कमांडर वीरेंद्र और सुनील ने छात्रों को आपदा प्रबंधन का गहन प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में सेक्शन लीडर सनी, योगराज, गृह रक्षक धर्म कुमार, चंद्रशेखर सहित स्कूल के अन्य शिक्षक मौजूद रहे। स्कूल के प्राचार्य संजीव राणा ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इस प्रशिक्षण को केवल एक सत्र न समझें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और समाज में अन्य लोगों को भी जागरूक करें।