हिमालय मॉडल स्कूल आनी में चुनाव प्रक्रिया में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
आनी (कुल्लू)।
हिमालय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए हेड बॉय और हेड गर्ल पदों के चुनाव करवाए गए। स्कूल प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को वास्तविक लोकतांत्रिक चुनाव प्रणाली की तर्ज पर आयोजित किया ताकि विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया, नेतृत्व क्षमता एवं लोकतंत्र के मूल्यों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सके। नामांकन प्रक्रिया 5 और 6 मई को आयोजित की गई, जबकि नाम वापसी की तिथि 7 मई निर्धारित की गई। चुनाव प्रचार निर्धारित समयावधि में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और मतदान प्रक्रिया 7 मई को विद्यालय परिसर में आयोजित की गई। इस चुनाव प्रक्रिया में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान प्रक्रिया को आधुनिक एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से चुनाव ऑनलाइन माध्यम एवं ईवीएम मशीन एप के जरिये करवाए गए। विद्यार्थियों में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे विद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक वातावरण बना रहा। इस चुनाव में कुल चार प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें हेड बॉय पद के लिए आयुष वर्मा और आदर्श ठाकुर, जबकि हेड गर्ल पद के लिए खुशीना कौशल और अनन्या वर्मा ने दावेदारी पेश की। चुनाव परिणाम शनिवार 8:00 बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे।