कोटखाई में सड़क पर भटक रहे बेसहारा मवेशी
बाजार में भटक रहे पशुओं से यातायात हो रहा प्रभावित, दुर्घटनाओं का बढ़ा अंदेशा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई ( रोहड़ू)। क्षेत्र में लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या से लोग परेशान हैं। खासकर, स्कूली बच्चों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डीएवी स्कूल जाने वाले बच्चों को कोटखाई बाजार से लेकर स्कूल तक रास्ते में जगह-जगह सड़क पर घूमते लावारिस पशुओं के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार ये पशु सड़क के बीचों-बीच खड़े हो जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता लगातार बढ़ रही है और स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। अभिभावकों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द सड़क से लावारिस पशुओं को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में कोटखाई के एसडीएम अभिषेक बरवाल ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में गोसदन की व्यवस्था न होने के कारण पशुओं को शिफ्ट करना चुनौतीपूर्ण है। फिर भी प्रशासन जल्द कोई न कोई समाधान निकालने का प्रयास करेगा।